विभागीय योजनाओं की दी जानकारी, पात्र लाभार्थियों को मौके पर मिला योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड यमकेश्वर के ब्लॉक सभागार में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। विभागीय अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनने के साथ ही संबंधित विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।

 

शिविर की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान ने की। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार उनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

जिला विकास अधिकारी रमेश चंद ने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत के निस्तारण के उपरांत संबंधित शिकायतकर्ता को भी इसकी सूचना उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अपनी समस्या के समाधान की स्थिति की जानकारी मिल सके।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी मुक्त अभियान सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही पशुपालन, कृषि, उद्यान, रीप, एनआरएलएम, समाज कल्याण, बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर लाभान्वित किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य बचन सिंह बिष्ट एवं कविता डबराल, ज्येष्ठ उप प्रमुख स्वाति रावत, कनिष्ठ उप प्रमुख धर्मेंद्र सिंह रावत, खंड विकास अधिकारी आकाश बेलवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *