उत्तराखण्ड पुलिस को मिला प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस निशान’, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया सम्मानित

​देहरादून। राजधानी देहरादून स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित एक भव्य एवं गरिमामय समारोह के दौरान उत्तराखण्ड पुलिस को अत्यंत प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस निशान’ से अलंकृत किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आदरणीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह  उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने कर-कमलों से यह राष्ट्रीय सम्मान उत्तराखण्ड पुलिस को सौंपा।

​इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री ने प्रदेश के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को उनकी विशिष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए ‘राष्ट्रपति पदक’ से भी सम्मानित किया। समारोह के दौरान उत्तराखण्ड पुलिस के विशेष डाक आवरण तथा पुलिस पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

​वीर जवानों के त्याग और समर्पण का प्रतीक

यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान उत्तराखण्ड पुलिस के जवानों के त्याग, अद्वितीय समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है, जिन्होंने भौगोलिक एवं मौसमी चुनौतियों के बावजूद हमेशा जनसेवा और सुरक्षा को सर्वोपरि रखा है। कार्यक्रम के दौरान कर्तव्य निर्वहन करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले उत्तराखण्ड पुलिस के 206 वीर अमर शहीदों को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

​समस्त प्रदेशवासियों की ओर से इस सम्मान के लिए केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी का हृदय से आभार व्यक्त किया गया है। यह गौरवशाली उपलब्धि प्रदेश पुलिस के मनोबल को और ऊँचा करने के साथ-साथ उनके गौरवमयी इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *