कोटद्वार। दीपावली के पावन पर्व पर कोटद्वार में चारों ओर उत्साह और खुशी का माहौल बना हुआ है। त्योहार की खरीदारी के लिए सुबह से ही शहर के मुख्य बाजारों में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा, जिसके कारण देर रात तक बाजार मैं चहल पहल बनी रही।
बाजारों में सुबह से ही महिलाओं, युवाओं और बच्चों की चहल-पहल शुरू हो गई थी। महिलाओं ने पूजन सामग्री, सजावटी सामान, नए वस्त्रों और घरेलू वस्तुओं की जमकर खरीदारी की। वहीं, मिठाइयों की दुकानों पर भी दिनभर ग्राहकों का तांता लगा रहा।
दीपावली को लेकर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। पटाखों और आतिशबाजी की दुकानों पर युवाओं और बच्चों की भारी भीड़ रही, जहां बच्चों ने अपनी पसंद के पटाखे खरीदे।
त्योहार के मद्देनजर पूरे कोटद्वार बाजार को आकर्षक और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है, जिससे पूरा शहर रोशनी से नहाया हुआ प्रतीत हो रहा है। सड़कों पर दिनभर भारी ट्रैफिक और लोगों की आवाजाही बनी रही। जगमगाती रोशनी, बाजारों की चहल-पहल और बच्चों के खिले चेहरों ने कोटद्वार में दीपावली के जश्न को और अधिक खास बना दिया।