कोटद्वार ।दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम जनता को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले भर में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस सघन जांच अभियान के दौरान विभाग की टीमों ने विभिन्न बाजारों और निर्माण इकाइयों का निरीक्षण कर मिलावटखोरी पर नकेल कसने की कार्रवाई की।

अभियान के तहत जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से खाद्य पदार्थों के कुल 92 नमूने एकत्रित कर परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला (लैब) भेज दिए गए हैं। एकत्रित किए गए नमूनों में मुख्य रूप से त्योहारों पर ज्यादा बिकने वाली मिठाइयां, दूध व दुग्ध उत्पाद (जैसे मावा, पनीर), खाद्य तेल और विभिन्न प्रकार के मसाले शामिल हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी. जोशी ने बताया कि अभियान के दौरान मिठाई की दुकानों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के निर्माण एवं भंडारण में निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि जनपद में पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार एवं सतपुली नगर क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी सैंपलिंग एवं निरीक्षण की कार्रवाई की गई। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।