4 नवंबर को होगा गंगा उत्सव, जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित

पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन स्थित उनके कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में गंगा स्वच्छता एवं संरक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान सीडीओ ने निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा।

बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान पौड़ी नगर पालिका क्षेत्र में भूमि के सौंदर्यीकरण, सतपुली में भूमि से संबंधित प्रकरण, थलीसैंण में नाला टैपिंग कार्य, दुगड्डा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट (एमआरएफ सेंटर) की स्थापना तथा स्वर्गाश्रम एवं जोंक क्षेत्र में स्थापित एसटीपी की कार्यप्रणाली से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों से अब तक की गई कार्रवाई एवं अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा में अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में आगामी 04 नवम्बर, 2026 को आयोजित होने वाले ‘गंगा उत्सव’ की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन एवं नमामि गंगे उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद में विभिन्न सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियां आयोजित करने पर जोर दिया गया। इसके तहत गंगा आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम, गंगा रन, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, जागरूकता रैली, संगोष्ठी, कार्यशालाएं एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ विद्यालयों, महाविद्यालयों, गंगा प्रहरियों एवं गंगा विचार मंच की सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।

बैठक में एसडीओ वन विभाग आयशा बिष्ट, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद पौड़ी संजय कुमार, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, कनिष्ठ अभियंता जिला पंचायत राहुल तोमर सहित अन्य संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *