सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शहीद सैनिक सम्मान समारोह की तैयारियों का लिया जायजा

लैंसडाउन। प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी सोमवार को गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर लैंसडाउन पहुंचे। यहां उन्होंने आगामी अक्टूबर माह में प्रस्तावित शहीद सैनिक सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर सैन्य अधिकारियों और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। मंत्री ने अधिकारियों को समारोह की रूपरेखा सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर हिमालय दिवस के मौके पर मंत्री जोशी ने छावनी क्षेत्र में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सैनिकों की शहादत राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है, और ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण दोनों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 1734 बलिदानियों के आंगन की मिट्टी सैन्यधाम लाई जा चुकी है, लेकिन लगभग 71 बलिदानी छूट गए थे। उनके आंगन की पवित्र मिट्टी लाने के लिए दूसरे चरण की शहीद सम्मान यात्रा 22 सितम्बर से 04 अक्टूबर तक आयोजित होगी। इसके उपरांत 05 अक्टूबर को लैंसडाउन में शहीद सैनिक सम्मान समारोह होगा, जिसमें शहीद परिवारों को ताम्रपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रस्तावित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सैन्यधाम के लोकार्पण से पहले सभी बलिदानियों के आंगन की मिट्टी सैन्यधाम में सम्मिलित की जाएगी।

इस अवसर पर गढ़वाल राइफल रेजीमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर (सेनि) अमृतलाल, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, उप जिलाधिकारी शालिनी मौर्या, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (सेनि) लैन्सडौन वीपी भट्ट सहित संबंधित सैन्य अधिकारी एवं जिला प्रशासन से संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *