प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर, पूसा से पी.एम. धन-धान्य कृषि योजना एवं दलहन आत्मनिर्भरता मिशन का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस महत्त्वपूर्ण अवसर पर कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों से जुड़ी 2100 से अधिक परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया गया।
यह पहल देश को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि, कृषि अवसंरचना का विकास, और खाद्य सुरक्षा को सुदृढ़ बनाना है।
इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उत्तराखंड राज्य के जनपद पौड़ी गढ़वाल के समस्त विकासखंडों सहित कृषि विज्ञान केंद्र भरसार में भी सफलतापूर्वक किया गया। स्थानीय अधिकारियों किसानों और ग्रामीण समुदायों ने इस प्रसारण में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इन योजनाओं के अंतर्गत किसानों को तकनीकी सहायता, वित्तीय सहयोग और आधुनिक कृषि तकनीकों तक पहुँच प्रदान की जाएगी, जिससे दीर्घकालिक कृषि सुधारों को बल मिलेगा।
जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आवास विकास मैदान, श्रीनगर में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार पौड़ी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रगतिशील कृषकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।