कण्वाश्रम में होली पर मारपीट कर फरार हुए तीन युवक गिरफ्तार

कोटद्वार। होली पर्व के दौरान हुड़दंग और मारपीट कर क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने वाले तीन युवकों को कोटद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने दबिश देकर पकड़ लिया।

होली पर्व के दौरान जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने सभी थाना प्रभारियों को असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में होली के दिन कोटद्वार क्षेत्र के कण्वाश्रम में कुछ व्यक्तियों द्वारा हुड़दंग करते हुए आपसी मारपीट करने और क्षेत्र का माहौल खराब करने की घटना सामने आई थी। घटना के बाद संबंधित आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोटद्वार पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी।

पुलिस टीम की प्रभावी कार्रवाई के चलते होली के दिन हुड़दंग और मारपीट कर फरार हुए तीनों आरोपियों  अभिषेक प्रकाश, करन गुसांई और संजय रावत को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *