गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत पीयर एजुकेटर छात्र-छात्राओं का बेस चिकित्सालय और संयुक्त अस्पताल का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान पहली बार विभिन्न चिकित्सा सेवाओं की जानकारी लेने को लेकर पीयर एजुटकेटर काफी उत्साहित दिखाये गये। बेस अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं से संबंधी विभिन्न जगहों पर ले जाकर उन्हें जानकारी दी गई। सीएमओ पौड़ी डॉ.पारूल गोयल के निर्देशों तथा आरकेएसके समन्वयक पौड़ी मनमोहन पटवाल के समन्वय पर आयोजित पीयर एजुकेटर विजिट के तहत शनिवार को बेस चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ.अजेय विक्रम सिंह,काउंसलर मनमोहन सिंह,सपना नेगी,संगीता रायल द्वारा पीयर एजुकेटर मनदीप,दीपशिखा,संध्या,आदित्य की मुलाकात करायी गयी।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ.सिंह ने पीयर एजुकेटरों का परिचय लेते हुए कहा कि पीयर एजुकेटर अपने समुदाय के अन्य बच्चों के स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान में बेहतर कार्य कर सकते है। उन्होंने कहा कि बेस अस्पताल के भ्रमण के दौरान तमाम स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली की जानकारी ले सकते है। एमएस ने पीयर एजुकेटरों के लिए इस तरह के भ्रमण को बेहतर बताते हुए शुभकामनाएं दी। जिसके बाद पीयर एजुटकेटरों को ब्लड बैंक में ब्लड डोनेशन संबंधी जानकारी लैब टैक्नीशियन भावना द्वारा दी गई। ब्लड देने की उम्र और वजन कितना होना चाहिए इस बारे में पहले बताया गया। अस्पताल में संचालित डायलिसिस यूनिट में भर्ती मरीजों की डायलिसिस के बारे में जानकारी ली। किडनी के मरीजों की किस तरह से डायलिसिस होती है,इस संदर्भ में जानकारी दी गई। काउंसलर मनमोहन द्वारा पीयर एजुकेटरों को बेस अस्पताल के विभिन्न चिकित्सकीय जन सुविधाएं जैसे एमआरआई,सीटी स्कैन,एक्सरे,इमरजेंसी वार्ड,पैलिएटिव केयर सेंटर,ओपीडी,जन्म-मृत्यु कार्यालय,नीक्कू वार्ड,गायनी वार्ड आदि जगहों का भ्रमण कराया गया। पैलिएटिव केयर सेंटर में कैंसर संबंधी जानकारी दी गई। जबकि गायनी वार्ड में काउंसलर विजयलक्ष्मी द्वारा गायनी विभाग में महिलाओं के प्रसव होने संबंधी जानकारी दी। इसके साथ बालिकाओं के मासिक धर्म के संदर्भ में स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। नीक्कू वार्ड में डॉ.ज्ञान प्रकाश शर्मा ने नीक्कू वार्ड का नवजात शिशुओं के जीवन बचाने में क्या भूमिका रहती है,इस संदर्भ में विस्तार से जानकारी दी। पीयर एजुकेटरों द्वारा पहली बार विभिन्न चिकित्सा सेवाएं एवं उपकरण देखे जाने पर काफी उत्साहित दिखे। वहीं संयुक्त अस्पताल में भी विभिन्न स्थानों का भ्रमण कराया गया। कांउसलर सपना नेगी और संगीता रयाल ने पीयर एजुकेटर विजिट में सहयोग करने वाले अस्पताल के सभी कर्मियों का आभार प्रकट किया।