पौड़ी/14 अक्टूबर 2026: प्रदेश में पशुपालन को बढ़ावा देने और पशुपालकों को विभागीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को पशुपालन विभाग की ओर से पाबौ में जन-जागरूकता एवं पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में आयोजित शिविर में 20 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।
शिविर में पशुपालकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी देने के साथ पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण, कृमिनाशक दवाओं के उपयोग और संक्रामक रोगों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। पशुपालकों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक पशुपालन पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे पशुधन की उत्पादकता बढ़ाने के साथ उनकी आय में भी वृद्धि हो सके।
इस दौरान पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार किया गया तथा जरूरत के अनुसार औषधियों का वितरण भी किया गया। पशुपालकों की समस्याएं सुनकर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही पशुधन बीमा योजना की जानकारी देते हुए पशुओं का बीमा कराने और योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ विशाल शर्मा ने बताया कि पशुओं की नियमित देखभाल, समय पर टीकाकरण तथा रोगों की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य पशुपालकों को जागरूक कर पशुधन के स्वास्थ्य एवं उत्पादकता में सुधार लाना तथा पशुपालन को आजीविका के एक बेहतर साधन के रूप में विकसित करना रहा।