क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाईं ने किया कोतवाली कोटद्वार का निरीक्षण, पुलिस कर्मियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

कोटद्वार। क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं ने कोतवाली कोटद्वार का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण करते हुए कार्यालय में रखे राजकीय एवं महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया और सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मालखाना, बैरक, मैस, सीसीटीएनएस कक्ष और सीसीटीवी प्रणाली की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। मालखाने में रखी सरकारी संपत्ति, शस्त्रों और कारतूसों का भौतिक सत्यापन किया गया। साथ ही पुलिस कर्मियों से शस्त्रों की हैंडलिंग का अभ्यास करवाया गया। क्षेत्राधिकारी ने आपदा प्रबंधन उपकरणों की स्थिति की जांच करते हुए उन्हें सदैव कार्यशील अवस्था में रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद क्षेत्राधिकारी ने पुलिस कर्मियों का सम्मेलन लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आमजन के साथ मृदु एवं शालीन व्यवहार बनाए रखने, अपने-अपने बीट क्षेत्र की समुचित जानकारी रखने और जन-पुलिस समन्वय को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।

इसके अतिरिक्त साइबर अपराधों, महिला संबंधी अपराधों और अन्य महत्वपूर्ण कानूनों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए अधिकाधिक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को कार्यप्रणाली में तत्परता बनाए रखने तथा जनसेवा को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *