पौड़ी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि)और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना(पीएमजीएसवाई)के सभी खंडों द्वारा युद्धस्तर पर पैच मरम्मत एवं सड़क सुधार का कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में सड़क की स्थिति सुधारने के साथ नालियों की सफाई,झाड़ियों की कटान और जल निकासी व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है। विभागीय टीमों द्वारा मौके पर कार्य किए जा रहे हैं,वहीं प्रशासन की ओर से पूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की स्थिति का स्थलीय जायजा लेकर गुणवत्ता पर भी नजर रखी जा रही है

इसी क्रम में उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ कौड़िया-मोटाढाक एवं कोटद्वार-मवाकोट-कण्वाश्रम मोटर मार्गों का जायजा लिया। कौड़िया-मोटाढाक मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर किए गए पैच कार्यों की स्थिति देखी गई।अधिक क्षतिग्रस्त स्थानों पर टाइल्स से की गई मरम्मत का भी अवलोकन किया गया। कुछ स्थानों पर सड़क में दरार तथा बारिश के कारण पैच उखड़ने की स्थिति मिलने पर संबंधित विभाग को इन्हें दुरुस्त कर दोबारा मरम्मत कराने के लिए कहा गया। सहायक अभियंता ने बताया कि मौसम साफ होते ही प्रभावित स्थानों पर पुनः मरम्मत कराई जाएगी।

संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी गौरी प्रभात ने प्रांतीय खंड के कनिष्ठ अभियंता नरेंद्र डंडरियाल के साथ पौड़ी-खोलाचौरी एवं पौड़ी-कालेश्वर मोटर मार्गों का जायजा लिया। इस दौरान करीब 20 स्थानों पर किए गए पैच कार्यों की स्थिति देखी गई और आवश्यक सुधार के संबंध में संबंधित विभाग को अवगत कराया गया।
जिले के अन्य क्षेत्रों में भी उपजिलाधिकारी स्तर से सड़कों की स्थिति देखी जा रही हैसड़क सुधार के तहत क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के साथ सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटान, नालियों की सफाई तथा जल निकासी मार्गों को सुचारु रखने पर भी ध्यान दिया जा रहा है,ताकि बारिश के दौरान पानी सड़क पर जमा ना हो और सड़क को दोबारा नुकसान न पहुंचे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि गड्ढामुक्ति के नाम पर कार्य केवल गड्ढे भरने तक सीमित ना रहे ।सड़क की समग्र स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुधार कराया जाए। मरम्मत में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने के साथ कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन मार्गों को गड्ढामुक्त किया जा चुका है, उनका भी सत्यापन कराया जा रहा है। संबंधित अधिशासी अभियंताओं को सत्यापन के बाद प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके साथ ही प्रतिदिन किए गए कार्यों की रिपोर्ट की समीक्षा की जा रही है, ताकि विभिन्न खंडों में चल रहे सड़क मरम्मत, नाली सफाई और झाड़ी कटान सहित अन्य कार्यों की प्रगति पर नियमित नजर बनी रहे और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरे किए जा सकें।