कोटद्वार के दुगड्डा क्षेत्र के अंतर्गत फतेहपुर बैंड के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। SDRF (राज्य आपदा मोचन बल) की टीम ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम रास्तों को पार करते हुए शव को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 02 नवंबर 2026 की रात्रि थाना कोटद्वार से SDRF को सूचना मिली थी कि दुगड्डा से आगे फतेहपुर बैंड के समीप एक खाई में किसी व्यक्ति का शव देखा गया है। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट कोटद्वार से मुख्य आरक्षी आशीष रावत के नेतृत्व में एक विशेष रेस्क्यू टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।
घटनास्थल की स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर नोगांव-थलदा के समीप मुख्य सड़क मार्ग छोड़ा और लगभग 03 किलोमीटर लंबे घने जंगल के दुर्गम रास्ते से होते हुए नीचे नदी किनारे तक पहुंच बनाई। SDRF के जवानों ने पूरी सावधानी और आवश्यक रेस्क्यू प्रक्रिया का पालन करते हुए अज्ञात व्यक्ति के शव को बरामद किया और उसे मुख्य मार्ग तक लाकर जिला पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस द्वारा मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।