आईएचएमएस में लॉट सुबेदार बलभद्र सिंह नेगी वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरु 

कोटद्वार। इंस्‍टीट्यूट ऑफ हॉस्‍पीटेलिटी, मैनेजमेंट एंड साइंसेज आईएचएमएस की ओर से आयोजित गढ़वाल राइफल्‍स के संस्‍थापक लॉट सुबेदार बलभद्र सिंह नेगी की स्‍मृति में अंतर विद्यालयी और अंतर महाविद्यालयी बालक, बालिका वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरु हो गई। पहले दिन कोटद्वार क्षेत्र के सभी स्‍कूल और डिग्री कॉलेज की बालिका खिलाडि़यों ने जीत के लिए दमखम दिखाया।

बीईएल रोड बलभद्रपुर स्थित कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता का कॉलेज के प्रबंध निदेशक बीएस नेगी ने दीप प्रज्‍वलित और रिबन काट कर शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्‍होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल जरुरी है। उन्‍होंने छात्र छात्राओं से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अपील की।

प्रतियोगिका का उदघाटन मैच से पूर्व कॉलेज के प्रबंध निदेशक बीएस नेगी और कार्यकारी निदेशक अजय राज नेगी ने बालिका वर्ग में टीसीजी पब्लिक स्‍कूल और बलूनी पब्लिक स्‍कूल के खिलाडि़यों का परिचय प्राप्‍त किया। इसके बाद प्रतियोगिता शुरु हुई। दोनों टीमों के बीच पहला मैच जीतने के लिए कांटे की टक्‍कर हुई, लेकिन बलूनी ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए मैच जीत लिया।

इसके बाद बालिका वर्ग के लीग मैचों के बाद क्‍वाटर फाइनल मैच हुए। जिसमें नवयुग पब्लिक स्‍कूल ने श्री गुरुराम राय पलिब्‍क स्‍कूल को लगातार दो सेट में हरा कर सेमी फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे मैच में एमकेवीएन स्‍कूल ने तीन सेटों में डेफोडिल्‍स को प‍राजित किया। बलूनी स्‍कूल ने राइजिंग सन को तीन सेट में हुई कांटे की टक्‍कर के बाद हराया, जबकि स्‍कॉलर्स एकेडमी ने डीएवी को दो सेटों में पराजित कर अगले पायदान पर कदम रखा। इस प्रकार अब नवयुग और एमकेवीएन , बलूनी और स्‍कॉलर्स एकेडमी के बीच सेमी फाइनल खेला जाएगा। मैच का आंखों देखा हाल असिस्‍टेंट प्रोफेसर डॉक्‍टर सुरेंद्र जगवान, अनुराग सेमवाल और वीरेंद्र आर्य ने सुनाया।

इस अवसर पर कॉलेज के जन संपर्क अधिकारी नरेश थपलियाल, खेल समन्‍वयक अंकित कुकरेती, डॉक्‍टर अजय आचार्य सहित विभिन्‍न विद्यालयों के खेल प्रशिक्षक, कॉजेल के सभी प्राध्‍यापक और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *