जयहरीखाल:श्री रामलीला कमेटी, जयहरीखाल के तत्वावधान में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में लैंसडौन विधायक महंत दिलीप रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र से बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।

भावविभोर करने वाले प्रसंगों का मंचन
रामलीला मंचन के दौरान कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रेरणादायी प्रसंगों का सजीव प्रदर्शन किया। कलाकारों की उत्कृष्ट अभिनय कला ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विशेष रूप से बच्चों और महिलाओं में रामलीला देखने को लेकर भारी उत्साह देखा गया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों के अभिनय की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
बाजार का भ्रमण कर व्यापारियों से की मुलाकात
कार्यक्रम के उपरांत विधायक महंत दिलीप रावत ने जयहरीखाल बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और क्षेत्रवासियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। उन्होंने सभी को आगामी दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।