कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में आमजन की सुरक्षा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। कौड़िया से बी.एल. रोड तक मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की समस्या का संज्ञान लेते हुए महापौर ने सोमवार देर रात नगर निगम की टीम के साथ क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने पूरे मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान जहां भी स्ट्रीट लाइटें बंद या खराब मिलीं, उन्हें तत्काल ठीक करने और जिन अंधेरे वाले स्थानों पर रोशनी की कमी थी, वहां नई लाइटें लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि रात्रि के समय नागरिकों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा तथा सुगम आवागमन के लिए सड़कों पर पर्याप्त रोशनी होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं से जुड़ी किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नगर निगम क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त अजय एस्टवाल, कनिष्ठ अभियंता (JE) दिनेश चौहान और नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।