राष्ट्रीय एकता दिवस पर धामी की बड़ी घोषणाएं, हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब

देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को हरी झंडी दिखाकर दौड़ के लिए रवाना किया और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं, खिलाड़ियों और प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब का गठन किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि की भी घोषणा की। इस संबंध में जल्द बैठक आयोजित की जाएगी।

32 से बढ़कर 50 होंगे खेल, मुख्यमंत्री कप की राशि दोगुनी

खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत आयोजित होने वाले खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 की जाएगी। इसमें पारंपरिक खेलों को भी विशेष स्थान दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रतियोगिता के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में भी वृद्धि की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने चैंपियनशिप ट्रॉफी के ओवरऑल विजेता जनपद को मिलने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि ₹5 लाख से बढ़ाकर ₹10 लाख करने की घोषणा की।

खिलाड़ियों को अब मिलेंगे बढ़े हुए पुरस्कार

मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्तरों पर विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में भी बढ़ोतरी की घोषणा की।

न्याय पंचायत स्तर: प्रथम पुरस्कार ₹300 से ₹400, द्वितीय ₹200 से ₹300 और तृतीय ₹150 से ₹200।

विधानसभा स्तर: प्रथम ₹500 से ₹700, द्वितीय ₹400 से ₹500 और तृतीय ₹300 से ₹400।

संसदीय क्षेत्र स्तर: प्रथम ₹800 से ₹1,000, द्वितीय ₹600 से ₹800 और तृतीय ₹400 से ₹600।

राज्य स्तर: प्रथम ₹1,500 से ₹2,000, द्वितीय ₹1,000 से ₹1,500 और तृतीय ₹700 से ₹1,000।

युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ अग्निवीर प्रशिक्षण की सौगात

मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी रिक्त भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की घोषणा की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए भी बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।

सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। रियासतों के एकीकरण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सबसे पहली पहचान भारतीय होने की है। यही भावना हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। गुजरात में निर्मित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सरदार पटेल के योगदान को चिरस्थायी बनाने का प्रतीक है।

उन्होंने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने तथा खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। साथ ही नशे से दूर रहने और नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर जताया दुःख

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और भगवान बदरी विशाल से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *