टिहरी में दिखी नारी शक्ति की मिसाल, शीर्ष महिला अधिकारियों से मिलीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी

​टिहरी। जनपद में प्रशासनिक, पुलिस, विकास और पंचायती राज व्यवस्था की कमान संभाल रहीं शीर्ष महिला अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की एक साथ मौजूदगी ने नारी सशक्तिकरण की एक सशक्त तस्वीर पेश की है। यह दृश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जमीनी झलक को दर्शाता है।

​एक कार्यक्रम में शिरकत करने टिहरी पहुंचीं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने जनपद के शीर्ष पदों पर कार्यरत महिला नेतृत्व से मुलाकात कर आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी निकिता खंडेलवाल, पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल और जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण सहित अन्य गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं।

​एक ही मंच पर जिले की बागडोर संभाल रही इन महिलाओं की उपस्थिति और उनकी नेतृत्व क्षमता की सभी ने सराहना की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि आज महिलाएं प्रशासन, जनसेवा, नेतृत्व और सामाजिक विकास के हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और कार्यक्षमता का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि नीति निर्माण और प्रशासन में महिलाओं की यह बढ़ती भागीदारी एक सशक्त समाज और ‘विकसित भारत’ के निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *