पौड़ी। तहसील पौड़ी के अंतर्गत डुंगरी गांव की रोशमा देवी को उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली और समाजसेवा के लिए प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि पर पशुपालन एवं कृषि विभाग के अधिकारियों की टीम ने गांव पहुंचकर उन्हें पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
अधिकारियों ने कहा कि रोशमा देवी ने कठिन परिस्थितियों में भी आत्मनिर्भरता और परिश्रम की मिसाल पेश की है। पशुपालन और कृषि क्षेत्र में उनके योगदान से न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई, बल्कि उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने की राह दिखाई।
गांववासियों ने भी रोशमा देवी के सम्मानित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि उनका यह पुरस्कार पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीण महिलाओं से आह्वान किया कि वे रोशमा देवी से प्रेरणा लेकर स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें।
इस दौरान रेशमा देवी ने भी प्रदेश सरकार और विभाग का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि विभागों में संचालित योजनाओं का काफी लाभ मिला है।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक लघु पशुपालन डॉ. देवेंद्र बिष्ट, मुख्य कृषि अधिकारी विकेश कुमार यादव, ग्राम प्रधान डुंगरी देवेश्वरी देवी सहित अन्य उपस्थित थे।