पौड़ी, 27 नवंबर। जनपद पौड़ी गढ़वाल में पुलिस प्रशासन की कमान नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा (आईपीएस) ने संभाल ली है। शुक्रवार को पुलिस कार्यालय पौड़ी पहुंचने पर उन्हें गार्द सलामी दी गई, जिसके बाद उन्होंने विधिवत रूप से एसएसपी पद का कार्यभार ग्रहण किया।
देवेन्द्र पींचा ने कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर विभिन्न शाखाओं एवं इकाइयों की कार्यप्रणाली तथा जनपद की वर्तमान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी ली गई। इस दौरान उन्होंने बेहतर समन्वय, अनुशासन, जवाबदेही एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कर्तव्यों का निर्वहन करने पर बल दिया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस कार्यालय की समस्त शाखाओं का भ्रमण कर प्रत्येक शाखा में संचालित कार्यों एवं कार्यालयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। भ्रमण के दौरान शाखाओं में कार्यरत पुलिस कर्मियों से उनके कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा कार्यों के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
देवेन्द्र पींचा (IPS) वर्ष 2016 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी हैं। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए पुलिस प्रशासन, कानून-व्यवस्था एवं जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण अनुभव अर्जित किया है। इससे पूर्व वह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा, सेनानायक 31 वीं वाहिनी PAC , पुलिस अधीक्षक चम्पावत, एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक नैनीताल, अपर पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
IPS देवेन्द्र पींचा को वर्ष 2013 में केदारनाथ में आयी दैवीय आपदा के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों के लिये सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से अलंकृत किया जा चुका है। वर्ष 2020 में पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर, के पद पर नियुक्ति के दौरान कोरोना महामारी में किये गये उत्कृष्ट कार्यों के लिये उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया गया। वर्ष 2023 में पुलिस अधीक्षक, जनपद चम्पावत के पद पर रहते हुए नशे के विरुद्ध चलाये गये अभियान में उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर राज्यपाल उत्तराखण्ड द्वारा उत्कृष्ट सेवा पदक तथा 15 अगस्त 2025 को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ’गोल्ड’ से सम्मानित किया गया।