मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित ‘नमो क्रिकेट लीग’ में प्रतिभाग कर युवा खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन

पंचकूला।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित नमो क्रिकेट लीग’ में प्रतिभाग कर युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने मैदान पर उतरकर खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेला, जिससे खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के मैदान में उतरने का अपना अलग आनंद है। खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलकर उन्हें बेहद प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि खेल हमें टीम भावना, अनुशासन, निरंतर प्रयास और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने की सीख देता है।

नमो क्रिकेट लीग में देश के विभिन्न हिस्सों से 30 से अधिक टीमों ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी प्रतिभा और उत्साह की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

‘क्रिकेट को हां, नशे को ना’ का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित खिलाड़ियों और युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों और समाज के अन्य युवाओं को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘क्रिकेट को हां और नशे को ना’ केवल नारा नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन की दिशा में आगे बढ़ाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि यदि जीवन में किसी चीज की लत लगानी है तो वह खेल और फिटनेस की होनी चाहिए, जबकि जुनून अपने सपनों और लक्ष्यों को हासिल करने का होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि खेल, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण में लगनी चाहिए। खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ–साथ आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, धैर्य, अनुशासन और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं।

जीत से विनम्रता और हार से सीख मिलती है

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के मैदान में खिलाड़ी जीत से विनम्रता और हार से सीख लेकर आगे बढ़ना सीखता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती खेल प्रतिभाओं के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध है और यहां के अनेक खिलाड़ियों ने ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियन गेम्स और राष्ट्रमंडल खेलों सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का गौरव बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे वर्षों का परिश्रम, अनुशासन, संघर्ष और लक्ष्य के प्रति समर्पण होता है। मुख्यमंत्री ने खेलों के प्रति बदलती सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि आज युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और मंच मिल रहे हैं। अब कहा जा सकता है कि ‘खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे लाजवाब।’

 

नशामुक्त युवा, मजबूत समाज

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज पर इसका असर पड़ता है। इसके विपरीत खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा, अनुशासन और नई पहचान देते हैं।

उन्होंने कहा कि एक युवा नशे से बचेगा तो एक परिवार बचेगा, एक परिवार बचेगा तो समाज मजबूत होगा और मजबूत समाज से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण होगा।

 

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित खिलाड़ियों और युवाओं ने ‘नशे को ना, खेल को हां’ का सामूहिक संकल्प लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *