कोटद्वार। कोटद्वार के ऐतिहासिक कण्वाश्रम में इस वर्ष भी विजयदशमी का पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। श्री ओंकारेश्वर रामलीला एवं दशहरा मेला कमेटी की ओर से आयोजित दशहरा मेले में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान 45 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।

कण्वाश्रम परिसर में आयोजित मेले में बच्चों और स्थानीय लोगों का खासा उत्साह देखने को मिला। मेले में सजी रंग-बिरंगी दुकानें, खानपान के स्टॉल और उत्सव का माहौल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। शाम को रामलीला मंचन के बाद रावण दहन किया गया। जैसे ही रावण का पुतला धू-धू कर जलने लगा, पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र रावत ने क्षेत्रवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हमें सदैव सत्य और नेकी के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए कमेटी के सदस्यों की सराहना भी की।
मेले में उमड़ी भारी भीड़ के बीच पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। पुलिस की निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।कण्वाश्रम में आयोजित इस भव्य दशहरा मेले ने क्षेत्रवासियों को उत्सव और उल्लास से सराबोर कर दिया।