जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में बुधवार को जनगणना की तैयारियों एवं स्वगणना की प्रगति को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना के निर्धारित लक्ष्यों, अब तक की तैयारियों और स्वगणना के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने सभी चार्ज अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना को लेकर आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए राजनीतिक दलों का भी सहयोग लिया जाए तथा विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित कर लोगों को स्वगणना के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वगणना की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से संचालित करवाने के निर्देश दिए। साथ ही चार्ज अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को जमीनी स्तर पर कार्यों की निगरानी पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि चार्ज अधिकारी प्रतिदिन सुपरवाइजरों से फीडबैक लेकर स्वगणना की प्रगति की समीक्षा करें। सभी हाउस लिस्टिंग ब्लॉक को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के साथ ही उनके व्यवस्थित संग्रहण की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक में अधिकारियों को दिए गए प्रशिक्षण और अब तक की गई तैयारियों की भी जानकारी ली गई।
बैठक में फॉर्मर रजिस्ट्री एवं एग्री स्टैक अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मुख्य सचिव के निर्देशों के क्रम में फॉर्मर रजिस्ट्री के शत-प्रतिशत पंजीकरण के लिए आगामी 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाकर कार्यों में तेजी लाई जाए। पंचायती राज, कृषि, उद्यान, राजस्व, सहकारिता एवं ग्राम्य विकास विभाग आपसी समन्वय से अभियान को पूरा करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन प्रकरणों का पंजीकरण आसानी से किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पहले पूरा किया जाए। तकनीकी त्रुटियों के कारण आ रही समस्याओं का संबंधित स्तर पर समाधान कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन कार्मिकों की पोर्टल पर आईडी बनाई गई हैं, वे अपनी जिम्मेदारी के अनुरूप पंजीकरण कार्य अनिवार्य रूप से पूरा करें। सभी विभाग अपने कार्मिकों की सूची तैयार कर प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करें और नियमित समीक्षा करें। उन्होंने फील्ड स्तर पर समन्वय के साथ कार्य करने तथा रिपोर्टिंग में किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी न देने के निर्देश भी दिए।
पंचायती राज विभाग के माध्यम से अभियान को और गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को भी फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं राजस्व उपनिरीक्षकों को पोर्टल के माध्यम से प्रविष्टियां करने तथा अधिकाधिक किसानों का स्वतः पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, जिला प्रभारी जनगणना शिव कुमार, जिला शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, जिला आपदा पर्यटन अधिकारी दीपेश काला, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित सभी तहसीलदार, चार्ज अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।