जिलाधिकारी के निर्देशन में लगा शिविर, विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी

पौड़ी,25 अक्टूबर, 2026: विकासखंड दुगड्डा के उमरैला गांव में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखी, जिनमें से कई का मौके पर ही निस्तारण किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिया।

जिलाधिकारी बीते 18 अक्टूबर को उमरैला गांव पहुंची थीं, जहां उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गांव में बहुद्देशीय शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया था। ग्रामीणों की मांग पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कोटद्वार को शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शिविर का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और उन्हें सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने की पहल की गयी।

उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार ने बताया कि शिविर में समाज कल्याण, उद्यान, कृषि, राजस्व, वन, पशुपालन, बाल विकास, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग और शिक्षा समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं भी वितरित की।

इस अवसर पर सहायक उद्यान अधिकारी प्रशांत राठौर, सहायक कृषि अधिकारी अजय कुमार, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संदीप कुमार, सहायक समाज कल्याण अधिकारी संजीव पाल, स्वास्थ्य विभाग से प्रीति गोस्वामी, एएनएम वर्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *