मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने को वन विभाग ठोस रणनीति बनाकर करे कार्य: डॉ. धन सिंह रावतनिर्देश

पौड़ी। जनपद में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वन विभाग के अधिकारियों को ठोस रणनीति बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। पौड़ी स्थित सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में उन्होंने गुलदार प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए गुलदार प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए। संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के साथ ही ग्रामीणों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए।

उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।आवश्यकता के अनुसार पिंजरे लगाए जाएं तथा गुलदार को पकड़ने के लिए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं की रोकथाम के लिए अल्पकालिक उपायों के साथ दीर्घकालिक कार्ययोजना भी तैयार की जाए। प्रभावित क्षेत्रों में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रभावी निगरानी तंत्र विकसित किया जाए, ताकि संभावित खतरे की समय रहते जानकारी मिल सके और आवश्यक कदम उठाए जा सकें। साथ ही ग्रामीणों को वन्यजीवों की गतिविधियों के प्रति जागरूक करने और सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *