गुलदार के आतंक पर सख्त कदम: 7 वर्षीय मासूम से मिले महापौर शैलेन्द्र रावत

​कोटद्वार। नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र के वार्ड संख्या 3, सनेह मल्ली में गुलदार के हमले में 7 वर्षीय मासूम बिटिया सान्वी रावत के घायल होने की घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि हरकत में आ गए हैं। महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत ने बुधवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर घायल बिटिया का हाल जाना और परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया।

​घटना की गंभीरता को देखते हुए महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत ने मौके से ही प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने क्षेत्र में गुलदार की लगातार बढ़ती सक्रियता से उपजे भय के माहौल की जानकारी दी और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा के लिए तत्काल कड़े कदम उठाने का आग्रह किया।

​महापौर की वार्ता पर त्वरित संज्ञान लेते हुए वन मंत्री सुबोध उनियाल ने संबंधित प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) को क्षेत्र में तुरंत प्रभावी गश्त और गुलदार की सक्रियता पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश जारी किए।

​महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की सुरक्षा नगर निगम और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वन विभाग के साथ निरंतर समन्वय बनाकर स्थिति पर कड़ी नजर रखी जाएगी ताकि क्षेत्रवासियों को इस खतरे से निजात दिलाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *