पोखड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी की प्रेरणादायक मिसाल विकासखंड पोखड़ा के ग्राम गडरी निवासी पूजा देवी हैं। परियोजना के सहयोग से उन्होंने जनरल स्टोर स्थापित कर गृहणी से सफल उद्यमी तक का सफर तय किया है। वर्तमान में वह अपने व्यवसाय से प्रतिमाह करीब 22,500 रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित कर रही हैं।
यह पहल न केवल पूजा देवी की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना रही है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा बन रही है।
पूजा देवी वर्ष 2020 में जय गणेश स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं। समूह एवं ग्राम संगठन की बैठकों के माध्यम से उन्हें स्वरोजगार और आजीविका संवर्धन की जानकारी मिली। वर्ष 2025 में ग्राम संगठन की बैठक में व्यक्तिगत उद्यम योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने जनरल स्टोर खोलने के लिए आवेदन किया।
ग्रामोत्थान परियोजना के तहत उन्हें कुल तीन लाख रुपये की वित्तीय व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। इसमें 1.50 लाख रुपये बैंक ऋण, 75 हजार रुपये स्वयं का अंशदान और 75 हजार रुपये परियोजना की सहयोग राशि शामिल है। इस सहयोग से उन्होंने ‘सानवी जनरल स्टोर’ की शुरुआत की।
वर्तमान में उनके स्टोर का मासिक कारोबार करीब 50 हजार रुपये और वार्षिक कारोबार छह लाख रुपये है। इससे उन्हें प्रतिमाह लगभग 22,500 रुपये का शुद्ध लाभ हो रहा है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है।
पूजा देवी अब अन्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। ग्रामोत्थान परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और व्यक्तिगत उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। पूजा देवी की सफलता इसका उदाहरण है कि उचित मार्गदर्शन और वित्तीय सहयोग से ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं।