कोटद्वार। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर ने थाना कालागढ़ का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, पुलिस कर्मचारियों के बैरक, भोजनालय, महिला हेल्प डेस्क और हवालात का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने तथा पुलिस कर्मियों में अनुशासन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाने की सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

थाना कालागढ़ की अंतरराज्यीय सीमा से जुड़ी संवेदनशीलता को दृष्टिगत संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखने, बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान में तेजी लाने तथा क्षेत्र में नशा मुक्ति अभियान एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण के उपरांत अपर पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा थाना कर्मचारियों का सम्मेलन लिया गया, जिसमें प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी से उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के साथ सभी कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया गया।