पौड़ी 12 अक्टूबर 2026: जनपद पौड़ी गढ़वाल में जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। निर्वाचन में 20 पदों के सापेक्ष कुल 47 नामांकन पत्र जमा किए गए। इनमें पौड़ी नगरपालिका के एक पद के लिए 2, श्रीनगर नगर निगम के एक पद के लिए 5, कोटद्वार नगर निगम के पांच पदों के लिए 9 तथा जिला पंचायत क्षेत्र के 13 पदों के लिए 31 नामांकन प्राप्त हुए।
सहायक निर्वाचन अधिकारी, पंचस्थानी ललित मोहन गोदियाल ने बताया कि जिला योजना समिति निर्वाचन के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया संपन्न करायी गयी। कुल 20 पदों के लिए 47 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि 13 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 14 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थी अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकेंगे।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 16 अक्टूबर को पूर्वाह्न 8 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसी दिन अपराह्न 3 बजे से मतगणना शुरू होगी और मतगणना पूरी होने के बाद निर्वाचन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
नामांकन पत्रों की जांच एवं अन्य निर्वाचन संबंधी प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकास भवन में संपन्न करायी जाएगी। जिला योजना समिति का निर्वाचन उत्तराखण्ड जिला योजना समिति अधिनियम, 2007 एवं उत्तराखण्ड जिला योजना समिति नियमावली, 2010 के प्रावधानों के तहत कराया जा रहा है।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी। सभी संबंधित पक्षों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करना होगा।