जसपाल नेगी.
श्रीनगर। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी विजय रावत ने उत्तराखंड के स्थानीय संसाधनों को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने का संकल्प सामने रखा है। उनके जनसंकल्प पत्र में क्षेत्र के विकास के साथ युवाओं, महिलाओं, किसानों व स्थानीय उद्यमियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। रविवार को श्रीनगर मे आयोजित पत्रकार वार्ता मे
विजय रावत ने अपना संकल्प पत्र जारी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के प्राकृतिक एवं स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। इसके लिए पानी के प्लांट, मछली पालन, पोल्ट्री फार्म, पशुपालन एवं डेयरी जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा देने की बात कही गई है। उनका लक्ष्य स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए पलायन करने के बजाय अपने क्षेत्र में ही स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
जनसंकल्प पत्र में महिला सशक्तिकरण मिशन को भी प्रमुख स्थान दिया गया है। स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार से जोड़ने की योजना पर जोर दिया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विजय रावत ने प्राथमिकता तय की है। जनसंकल्प पत्र में अब तक 13 निशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित किए जाने का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने का संकल्प जताया गया है। साथ ही गैरसैंण को राजधानी में अपनी जगह से सेवा भाव से जोड़ने की बात भी कही गई है।
विजय रावत ने कहा कि विकास का लाभ केवल शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि गांवों तक रोजगार और सुविधाएं पहुंचनी चाहिए। उन्होंने स्थानीय संसाधनों, युवाओं की क्षमता और महिलाओं की भागीदारी को विकास की मजबूत नींव बताते हुए “हर संसाधन से रोजगार, हर परिवार खुशहाल” का संदेश दिया।
जनसंकल्प पत्र के माध्यम से विजय रावत ने श्रीनगर विधानसभा के लिए रोजगार, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को केंद्र में रखकर विकास का नया मॉडल सामने रखने का दावा किया है।
राजकुमार ढाका,गबर बिष्ट, रघुवीर बिष्ट,नरेश,सलीम,सलमान,अजय नेगी आदि लोग उपस्थिति