वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर महापौर ने किया वार्डों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

कोटद्वार। नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों एवं उससे उत्पन्न सुरक्षा संबंधी चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए आज कोटद्वार नगर निगम महापौर  शैलेन्द्र रावत ने वार्ड संख्या 1 ग्रास्टनगंज, वार्ड संख्या 2 कुम्भीचौड़ एवं वार्ड संख्या 3 सनेह का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर ने क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों से प्रभावित एवं संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया तथा स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को विस्तारपूर्वक सुना।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासियों ने वन्यजीवों के आवागमन, झाड़ियों की अधिकता, रात्रि के समय प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों को महापौर के समक्ष रखा। महापौर श्री शैलेन्द्र रावत ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा एवं सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वन्यजीवों की गतिविधियों वाले संवेदनशील क्षेत्रों में झाड़ियों एवं अनावश्यक वनस्पतियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे वन्यजीवों के छिपने की संभावनाएं कम हों और क्षेत्र में लोगों की आवाजाही सुरक्षित रह सके। साथ ही उन्होंने अति आवश्यक एवं संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने तथा खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए नगर निगम, वन विभाग एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। स्थानीय जनता को किसी भी प्रकार की समस्या अथवा वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल संबंधित विभागों को सूचना देने के लिए भी जागरूक किया गया। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र में नियमित निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।

महापौर  शैलेन्द्र रावत ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाएगा। वन्यजीवों की गतिविधियों से प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *