आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडाउन ने महात्मा गांधी हिंदी राजभाषा सत्र 2025–26 के राष्ट्रीय स्तर के ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 10 तक के कुल 133 विद्यार्थियों ने उत्साह एवं समर्पण के साथ सहभागिता की।
परिणामों में विद्यालय ने अद्वितीय सफलता पाई, जिसमें 130 विद्यार्थियों ने प्रथम, 2 विद्यार्थियों ने द्वितीय, तथा 1 विद्यार्थी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।
इस अवसर पर कक्षा 10 की अक्षिता रौतेला, कक्षा 9 की अनन्या यादव, तथा कक्षा 7 की आयत नसीम को राजभाषा हिंदी प्रतिभा पुरस्कार के अंतर्गत प्रमाण–पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किए गए।

विद्यालय की संस्कृत एवं हिंदी अध्यापिकाएँ संगीता धस्माना और गौरी कंडारी को विद्यार्थियों के उत्कृष्ट निर्देशन एवं मार्गदर्शन हेतु विशेष प्रमाण–पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, प्रधानाचार्य के लिए प्राप्त प्रमाण–पत्र भी उन्हें सौंपा गया।
प्रार्थना सभा के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य विजेंद्र दत्त सुंद्रियाल ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं प्रमाण–पत्र प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करते हैं।

उन्होंने प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु संस्कृत एवं हिंदी विभाग के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
अंत में प्रधानाचार्य ने विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सशक्त मार्गदर्शन से विद्यालय भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट उपलब्धियाँ अर्जित करता रहेगा।