संकेत सीएलएफ को मिला विपणन वाहन, उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में होगी सुविधा

पौड़ी 27 अगस्त, 2026: राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत ग्रामीण उद्यमिता योजना के तहत संकेत क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) को परिवहन एवं विपणन के लिए वाहन उपलब्ध कराया गया है। ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया। वाहन उपलब्ध होने से सीएलएफ से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को उत्पाद तैयार करने के लिए कच्चा माल लाने से लेकर तैयार उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।

परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने बताया कि संकेत सीएलएफ को कच्चा माल लाने तथा तैयार उत्पादों को विभिन्न बाजारों तक पहुंचाने के लिए अपना वाहन उपलब्ध कराया गया है। इससे स्वयं सहायता समूहों को परिवहन के लिए बाहर से वाहन किराये पर लेने की आवश्यकता कम होगी। परिणामस्वरूप समय और परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी तथा सीएलएफ द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को सुगमता से विभिन्न बाजारों तक पहुंचाया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि सीएलएफ अपने वाहन का उपयोग अन्य जरूरतमंद लोगों को किराये पर देने के लिए भी कर सकता है। इससे वाहन का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होने के साथ ही सीएलएफ को अतिरिक्त आय प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि वाहन की सुविधा से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों के विपणन को बढ़ावा मिलेगा और महिलाओं की आजीविका को और मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर एबीडीओ धनपाल सिंह नेगी, संकेत सीएलएफ की अध्यक्ष मालती देवी, कोषाध्यक्ष संध्या देवी सहित अन्य उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *