कोटद्वार।उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय सेना के गौरव मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी जी के निधन पर आज जिला एवं महानगर कांग्रेस कार्यालय, जन सेवा केंद्र, कोटद्वार में पूर्व कैबिनेट मंत्री उत्तराखंड सरकार माननीय श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी जी के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित कांग्रेसजनों द्वारा मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी जी को श्रद्धा भाव से याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा उनकी पुण्य स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर अपने श्रद्धांजलि संदेश में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी जी केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि ईमानदारी, अनुशासन, सादगी और राष्ट्रसेवा की जीवंत मिसाल थे। उन्होंने कहा कि खंडूरी जी ने भारतीय सेना में रहकर देश की सेवा की और राजनीति में आने के बाद भी स्वच्छ एवं पारदर्शी सार्वजनिक जीवन का आदर्श प्रस्तुत किया।
नेगी ने भावुक होते हुए कहा कि आज उत्तराखंड ने अपना एक मार्गदर्शक और देश ने एक सच्चा राष्ट्रसेवक खो दिया है। उनका व्यक्तित्व अत्यंत सरल, दृढ़ और प्रेरणादायी था। उन्होंने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि राजनीति केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और सिद्धांतों के प्रति समर्पण का मार्ग होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में मेजर जनरल खंडूरी जी ने सुशासन, पारदर्शिता और विकास की जो कार्यशैली स्थापित की, वह सदैव याद की जाएगी। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भी मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया तथा कहा कि उनका सादगीपूर्ण और अनुशासित जीवन सदैव समाज को प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार एवं समस्त उत्तराखंडवासियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी कोटद्वार की अध्यक्ष मीना बछवाण , कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत , महानगर कांग्रेस कमेटी महिला अध्यक्ष सुधा असवाल जी, पूर्व राज्य मंत्री विजय नारायण , पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष धीरेंद्र बिष्ट , कार्यालय सचिव राजीव कपूर , कार्यालय सचिव धर्मेंद सिंह , वरिष्ठ उपाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील सेमवाल , एस सी एस टी प्रकोष्ठ जिला उपाध्यक्ष शूरवीर सिंह खेतवाल , सेवादल महानगर अध्यक्ष महावीर सिंह रावत , पूर्व जिला अध्यक्ष यूथ कांग्रेस अमित राज ,प्रदेश महासचिव सोशल मीडिया रूपेंद्र सिंह नेगी , महामंत्री मानशेर सिंह सैनी , महामंत्री उपेंद्र सिंह नेगी ,नत्थू सिंह अधिकारी , धर्मेंद्र रावत , राजेंद्र सिंह भंडारी , दिलीप रावत , वरिष्ठ कांग्रेसी रमेश चंद्र खंतवाल , प्रवीन जोशी , धर्मेंद्र रावत , जगमोहन , पूर्व सैनिक अनिल वर्मा , सूरज प्रकाश दिनेश रावत जी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे।