शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे वूमेन फॉर ट्री अभियान के अंतर्गत आज अमृत के अभिसरण कार्यक्रम के तहत नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी द्वारा पौधारोपण स्थल का निरीक्षण किया गया। इस क्षेत्र में 5 जून के बाद पौध रोपण किया जायेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष ने चयनित स्थल ई०टी०सी० में साईट विजिट कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। इस क्षेत्र में दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन द्वारा गठित दो स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा पौधारोपण किया जायेगा। नगर पालिका अध्यक्ष ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को साड़ी, वाटर बॉटल, जूट बैग तथा लेखन सामग्री भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने वूमेन फॉर ट्री अभियान की जानकारी साझा करते हुए इस पहल की सराहना की और इसे महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं नगर पालिका अधिशासी अधिकारी शांतिप्रसाद जोशी ने भी अभियान की विस्तृत जानकारी दी और इसे सफल बनाने हेतु समुदाय के सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सहभागिता इस मुहिम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
सिटी मिशन मैनेजर जगदीश रतूड़ी ने समूह की महिलाओं को मेहनत और लगन से कार्य करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में डाटा एंट्री ऑपरेटर चंद्रशेखर बड़ोनी, सामुदायिक संगठनकर्ता इन्दू उप्रेती सहित नगर पालिका के कार्मिक उपस्थित थे।