कोटद्वार।आज मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत कोटद्वार नगर क्षेत्र में प्रथम चरण (वार्ड संख्या 4 से 26) हेतु प्रस्तावित स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज सिस्टम के संबंध में आज नगर निगम प्रेक्षागृह में एक महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रस्तुति कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर महापौर शैलेंद्र रावत ने सम्मानित पार्षदगण, क्षेत्रीय जनता एवं संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में विशेषज्ञ संस्था द्वारा तैयार की गई डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) एवं प्रथम चरण में प्रस्तावित कार्यों की प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुति के माध्यम से शहर में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु प्रस्तावित व्यवस्थाओं, तकनीकी पहलुओं एवं कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी साझा की गई।


महापौर ने बैठक के दौरान उपस्थित पार्षदों एवं नागरिकों से सुझाव प्राप्त किए तथा सभी के सहयोग से योजना को प्रभावी एवं जनहितकारी रूप में क्रियान्वित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए, ताकि कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित हो सके।
महापौर ने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन के सामूहिक प्रयास से कोटद्वार को जलभराव मुक्त, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित नगर बनाने की दिशा में यह योजना मील का पत्थर सिद्ध होगी।
इस बैठक में नगर आयुक्त पी एल शाह, सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता अनिल राठौर , ईजी कंसल्टिंग एजेंसी के अधिकारी सहित संबंधित वार्डों के पार्षदगण वा क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।