भारतम ज्ञान मिशन’ के तहत प्राचीन ज्ञान के डिजिटाइजेशन पर जोर

पौड़ी 20 अगस्त, 2026: मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने गुरुवार को विकास भवन में जनपद के सभी एडीओ पंचायत एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों की बैठक में भारत सरकार द्वारा संचालित ‘भारतम ज्ञान मिशन’ अभियान की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के तहत प्राचीन ज्ञान, परंपरा एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन के लिए जनजागरूकता एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत संस्थानों, मंदिरों, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों तथा व्यक्तियों के पास उपलब्ध प्राचीन ज्ञान से संबंधित दस्तावेजों को डिजिटल रूप में संरक्षित किया जाना है। इसके लिए दस्तावेजों की फोटो लेकर उन्हें डिजिटल माध्यम से अपलोड किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्राचीन ज्ञान एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों को संरक्षित कर भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर ऐसे दस्तावेजों की जानकारी जुटाकर संबंधित व्यक्तियों, संस्थानों एवं मंदिर प्रबंधन समितियों को अभियान की जानकारी दें। यदि किसी के पास प्राचीन ज्ञान, परंपरा, संस्कृति अथवा इतिहास से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं, तो सर्वेयर के पहुंचने पर उन्हें उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया जाए।

इस अवसर पर जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर जिला पंचायतीराज अधिकारी प्रदीप सुंदरियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *