कोटद्वार। भारत विकास परिषद, कोटद्वार शाखा द्वारा आर्य कन्या इंटर कॉलेज में “बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोटद्वार नगर निगम के महापौर शैलेन्द्र रावत ने बतौर अतिथि सहभागिता की।
इस अवसर पर महापौर शैलेन्द्र रावत ने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि बेटियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि बेटियां समाज की शक्ति और देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। बेटियों को शिक्षा के साथ-साथ अपनी प्रतिभा और सपनों को साकार करने के लिए समान अवसर मिलना आवश्यक है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर सकारात्मक वातावरण तैयार करना होगा।
कार्यक्रम के दौरान बेटियों की शिक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने भी बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।