श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा श्रीनगर मंडल में भव्य शक्ति पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन कंसमर्दनी मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की।
कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट एवं जिला अध्यक्ष प्रमिला भंडारी के निर्देशानुसार किया गया, जिनके आह्वान पर सभी मंडलों में नवरात्रों के दौरान शक्ति पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में श्रीनगर मंडल द्वारा यह आयोजन विशेष रूप से आकर्षक एवं धार्मिक गरिमा के अनुरूप संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य संयोजक एवं भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष श्रीमती ललिता नेगी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम मां भगवती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई, जिसके पश्चात भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और उपस्थित सभी श्रद्धालु मांता की भक्ति में लीन नजर आए।
इसके उपरांत कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छोटी-छोटी कन्याओं को आमंत्रित कर उनकी विधिवत आरती, तिलक एवं पिठाई कर सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। इस अवसर पर कन्याओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, वहीं उपस्थित महिलाओं ने भी इस आयोजन को अत्यंत भावनात्मक एवं आध्यात्मिक अनुभव बताया।
मंडल अध्यक्ष ललिता नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि नवरात्रों में कन्या पूजन की परंपरा सनातन संस्कृति का अभिन्न अंग रही है। प्रत्येक घर में कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन एवं भोजन कराया जाता है। उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार सामूहिक रूप से एक स्थान पर कन्या पूजन एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे न केवल धार्मिक भावनाओं को बल मिला बल्कि सामाजिक समरसता और एकजुटता का भी संदेश गया।
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा समय-समय पर इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है, जिससे समाज में अपनी संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति जागरूकता बनी रहती है और नई पीढ़ी भी इन मूल्यों से जुड़ती है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेत्री श्रीमती आशा उपाध्याय, जिला सोशल मीडिया संयोजक श्रीमती सीमा भंडारी, मंडल मीडिया संयोजक श्रीमती विशोदा देवी, उपाध्यक्ष श्रीमती राजलक्ष्मी, मंडल मंत्री श्रीमती रेखा पटवाल सहित अनेक महिला कार्यकर्ता एवं स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन मां भगवती की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। पूरे आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक उल्लास एवं भक्ति का वातावरण निर्मित किया।