पाबौ / पौड़ी। राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय उत्कृष्ट इंटर कॉलेज, पाबौ में आपदा प्रबंधन जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों को विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करना रहा।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान विशेषज्ञों व विभागीय टीम ने भूकंप, भूस्खलन, वनाग्नि, बाढ़ तथा आकस्मिक दुर्घटनाओं जैसी स्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागियों को आपदा से पहले की तैयारी, चेतावनी संकेतों की पहचान, सुरक्षित निकासी (इवैकुएशन) प्रक्रिया और आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करने के तरीकों से अवगत कराया गया।
मास्टर ट्रेनर किशन सिंह पंवार ने कहा कि आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ और सतर्कता से काम लेना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया देने, स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जरूरतमंदों की सहायता करने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण और नियमित अभ्यास आपात स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रशिक्षण के तहत भूकंप आधारित मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं को भूकंप के दौरान सुरक्षित स्थान पर जाने, स्वयं का बचाव करने तथा भवन से सावधानीपूर्वक बाहर निकलने का अभ्यास कराया गया। साथ ही घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के तरीके भी बताए गए। विद्यार्थियों ने उपलब्ध संसाधनों से इम्प्रोवाइज्ड स्ट्रेचर (अस्थायी स्ट्रेचर) तैयार कर घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का व्यावहारिक अभ्यास किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम सिंह सहित शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।