पौड़ी: नगर पालिका परिषद पौड़ी की ओर से आयोजित शरदोत्सव का सोमवार को विधिवत शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने किया ने दीप प्रज्वलित कर किया। महोत्सव के पहले दिन पूरे नगर में उत्सव और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
आकर्षक झांकियां और मार्च पास्ट रहा मुख्य आकर्षण
शरदोत्सव के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई आकर्षक झांकियों ने उपस्थित दर्शकों और अतिथियों का विशेष रूप से ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही, छात्र-छात्राओं ने अनुशासित ढंग से रूट मार्च पास्ट निकाला, जिससे पूरे कार्यक्रम में एक अलग ही ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने मार्च पास्ट की सलामी ली और विद्यार्थियों के अनुशासन व प्रस्तुतियों की सराहना की।
स्थानीय संस्कृति और प्रतिभाओं को बढ़ावा देने का उद्देश्य
आयोजकों के अनुसार, इस शरदोत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध स्थानीय संस्कृति, लोक परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जिससे सांस्कृतिक धरोहर को सहेजा जा सके और नई पीढ़ी को उससे जोड़ा जा सके।

उद्घाटन अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि शरदोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला, संस्कृति और हुनर प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय स्तर पर उभरने वाली प्रतिभाओं को आगे चलकर बड़े मंचों पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने और उन्हें बाजार उपलब्ध कराने पर प्रधानमंत्री का विशेष जोर रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं तथा स्थानीय उत्पादों का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की। कहा कि युवा पीढ़ी देश और समाज का भविष्य है। युवाओं को अपनी ऊर्जा का उपयोग रचनात्मक कार्यों और बेहतर भविष्य के निर्माण में करना चाहिए।
वहीं शरदोत्सव के तहत आयोजित वार्ड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। पहले मैच में वार्ड संख्या-8 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वार्ड संख्या-7 को 5-0 से पराजित किया।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, नगरपालिका अध्यक्षा हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल नेगी, ईओ नगरपालिका संजय कुमार सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।