गोमती उत्सव-2026 के समापन समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित गोमती उत्सव-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने सूर्योपासना एवं लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर मां गोमती के तट पर आयोजित संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में भी सहभागिता की।

मुख्यमंत्री ने अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचीं माताओं, बहनों और छठ व्रतियों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की स्मारिका ‘सनेश’ का विमोचन किया तथा प्रख्यात लोकगायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी को सम्मानित किया।

गोमती उत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को ‘गोमती गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गोमती नदी को स्वच्छ, निर्मल और सुंदर बनाना हम सभी का संकल्प होना चाहिए। गोमती के स्वच्छ एवं सुंदर होने से लखनऊ की विकास यात्रा को नई गति और नई ऊंचाइयां मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने छठ महापर्व की सभी श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए उनके सुखमय एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *