खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार देर शाम ऊधमसिंह नगर के खटीमा में पूर्वांचल सेवा समिति की ओर से आयोजित छठ महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने भगवान सूर्य नारायण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने वार्ड नंबर 14 स्थित संजय रेलवे पार्क के समीप नवनिर्मित छठ घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ पर्व आस्था, अनुशासन, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनूठा संगम है। उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा जीवन में संघर्ष और सफलता दोनों का सम्मान करने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि यह पर्व उत्तराखंड और पूर्वांचल की संस्कृतियों को जोड़ते हुए विविधता में एकता की सुंदर मिसाल प्रस्तुत करता है। उन्होंने पूर्वांचल सेवा समिति और आयोजन में जुटे स्वयंसेवकों के प्रयासों की भी सराहना की