जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में एकेश्वर विकासखंड की टीम रही प्रथम, राज्य स्तर पर करेगी जनपद का प्रतिनिधित्व

पौड़ी,16 अक्टूबर, 2026 राज्य स्थापना दिवस के पूर्वअवसर पर आज मैसमोर इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर जिला विज्ञान एवं सूचना अधिकारी हेमंत काला, विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अंशुल बिष्ट एवं शिक्षाविद् व साहित्यकार डॉ. पंचम सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया। समापन अवसर पर विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के प्रथम चरण में जनपद के नौ विकासखंडों की टीमों ने स्क्रीनिंग परीक्षा में प्रतिभाग किया। इसमें एकेश्वर, यमकेश्वर, कोट, द्वारीखाल, दुगड्डा एवं थलीसैंण की टीमों ने प्रथम छह स्थान प्राप्त कर मुख्य क्विज के लिए क्वालीफाई किया। मुख्य प्रतियोगिता के छह राउंड के बाद एकेश्वर विकासखंड के राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, संतुधार की टीम ने प्रथम, थलीसैंण के राजकीय इंटर कॉलेज, हिंवलीधार की टीम ने द्वितीय तथा दुगड्डा विकासखंड की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम राज्य स्तर पर जनपद का प्रतिनिधित्व करेगी।

 

इस अवसर पर मुख्य अतिथि हेमंत काला ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता एवं आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर अध्ययन करने, नई जानकारियां प्राप्त करने तथा आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने वाली टीम को शुभकामनाएं भी दीं।

 

इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल संयोजक एवं मैसमोर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने तथा उनमें ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के तकनीकी सलाहकार के रूप में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अर्जुन सिंह नेगी, प्रधानाचार्य सुबोध कुमार नेगी एवं अनूप रावत ने सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर जयदीप रावत, महेंद्र रौथन, भवान सिंह नेगी, मनोज कुमार काला, नवेंद्र सिंह नेगी, अनीता रावत, विक्रम सिंह रावत, रघुराज चौहान, अविनाश जॉन, बलवंत सिंह नेगी, सुबोध कुकरेती, रविन्द्र रौतेला, अनूप बड़थ्वाल, चंद्रमोहन सिंह असवाल, दीपक रावत, वेदप्रकाश डोभाल एवं आशीष बेलवाल आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *