जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार की संभावनाओं और कैरियर के बेहतर विकल्पों की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के जयहरीखाल एवं कल्जीखाल विकासखंडों में स्थित राजकीय महाविद्यालयों में कैरियर काउंसिलिंग शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में छात्र-छात्राओं को विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं, कौशल विकास तथा देश-विदेश में उपलब्ध रोजगार के अवसरों के संबंध में जानकारी दी गई।
भक्त दर्शन राजकीय पीजी कॉलेज जयहरीखाल में आयोजित शिविर में कैरियर काउंसिलिंग सेल के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं रोजगार मार्गदर्शन से संबंधित जानकारी दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही जापान एवं जर्मनी सहित विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, आवश्यक कौशल, प्रशिक्षण तथा रोजगार की संभावनाओं के संबंध में भी छात्र-छात्राओं को अवगत कराया गया।
इसी क्रम में राजकीय पीजी कॉलेज कल्जीखाल में आयोजित शिविर में भी छात्र-छात्राओं को कैरियर चयन, कौशल विकास एवं रोजगार के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के साथ ही जापान और जर्मनी में रोजगार की संभावनाओं तथा इसके लिए आवश्यक तैयारियों के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
प्रभारी सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि कैरियर काउंसिलिंग के दौरान छात्र-छात्राओं को अपनी रुचि, योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार एवं व्यावसायिक क्षेत्र का चयन करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया। उन्हें रोजगार के बदलते स्वरूप के अनुरूप आवश्यक कौशल विकसित करने तथा उपलब्ध प्रशिक्षण एवं रोजगारपरक योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के पारंपरिक विकल्पों के साथ-साथ कौशल आधारित एवं वैश्विक रोजगार के अवसरों से जोड़ना है, ताकि वे अपनी क्षमता और रुचि के अनुसार बेहतर कैरियर का चयन कर सकें।