कालागढ़/कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने मंगलवार को कालागढ़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में भारतीय कृषि बीमा कंपनी (ए.आई.सी.) एवं आधारशिला संस्थान की ओर से आयोजित कंप्यूटर वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों को कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए, जिससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्र के छात्रों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की दिशा में पहल की गई।
कालागढ़ पहुंचने पर क्षेत्रवासियों एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया। राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया।
शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान भी जरूरी
अपने संबोधन में ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि वर्तमान दौर में केवल पारंपरिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि तकनीकी ज्ञान भी विद्यार्थियों के लिए बेहद जरूरी है। कंप्यूटर शिक्षा छात्रों को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के साथ रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के नए अवसर उपलब्ध करा सकती है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक आधुनिक तकनीकी संसाधन पहुंचाना सरकार, संस्थाओं और समाज की साझा जिम्मेदारी है। ऐसे प्रयास विद्यार्थियों को डिजिटल युग की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बेटियों को शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और आत्मनिर्भरता से जोड़ना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों से कंप्यूटर एवं डिजिटल तकनीक का सकारात्मक और रचनात्मक उपयोग करते हुए अपने ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और इसमें शिक्षा, तकनीक तथा युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है।
दूरस्थ क्षेत्रों के विकास पर भी जोर
ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल समेत मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना भी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज कालागढ़ में कंप्यूटर उपलब्ध कराने के लिए भारतीय कृषि बीमा कंपनी (ए.आई.सी.) एवं आधारशिला संस्थान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न संगठनों की ऐसी पहल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष कालागढ़ मीनाक्षी चौधरी, ए.आई.सी. देहरादून के क्षेत्रीय प्रबंधक तरुण कुमार सिंह, आधारशिला संस्थान के संस्थापक नरेश चंद्र घिल्डियाल, प्रधानाचार्य सतीश कुमार, अतुल नौटियाल, विधायक प्रतिनिधि योगेश कुमार, वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर सिंघल, मयंक सिंह, दीपक नेगी, दीपक मेंदोला, कोमल सिंह सहित शिक्षकगण, क्षेत्रवासी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।