श्रीनगर/श्रीनगरवासियों को अब 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. धन सिंह रावत के प्रयासों से श्रीनगर में 24घंटे पेयजल आपूर्ति की योजना के लिए 65करोड़ 29लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई है।
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की योजना को स्वीकृति दिलाई गई है। उन्होंने कहा कि इस योजना से श्रीनगर का प्रत्येक परिवार लाभान्वित होगा। 24 घंटे पेयजल उपलब्ध होने से शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी जब श्रीनगरवासियों द्वारा गंदे पानी की शिकायत की गई थी, तब उनके प्रयासों से जीवीके की नहर में छेद कर नगरवासियों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराई गई थी। अब स्वीकृत की गई नई पेयजल योजना को भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। यह योजना आगामी 50 वर्षों की संभावित आबादी को ध्यान में रखकर स्वीकृत कराई गई है, जिससे आने वाले समय में भी श्रीनगरवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि यह योजना श्रीनगर के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक परिवार के लिए लाभकारी साबित होगी तथा इससे क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को भी मजबूती मिलेगी।
65 करोड़ 29 लाख रुपये की इस महत्वपूर्ण पेयजल योजना को स्वीकृति दिलाने पर श्रीनगर क्षेत्रवासियों ने डॉ. धन सिंह रावत का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
आभार व्यक्त करने वालों में भाजपा जिला उपाध्यक्ष गिरीश पैन्यूली, जिला महामंत्री गणेश भट्ट, मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमिला भंडारी, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष जगमोहन नेगी, नगर निगम की मेयर आरती भंडारी, पार्षदगण, वरिष्ठ भाजपा नेता अतर सिंह असवाल, विकास कुकरेती ,अनिता बुढ़ाकोटी, महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शशि जुयाल, कुशलानाथ, वासुदेव कंडारी, दिनेश असवाल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं भाजपा पदाधिकारी शामिल रहे।