छात्र संघ चुनाव-कोटद्वार: शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए पौड़ी पुलिस मुस्तैद—ASP कोटद्वार ने नियुक्त पुलिस बल को किया ब्रीफ

कोटद्वार। छात्र संघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पौड़ी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में जिले के डिग्री कॉलेजों एवं महाविद्यालयों में चुनाव प्रक्रिया के दौरान व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार को डॉ. पीतांबर दत्त बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार और राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में छात्र संघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के मद्देनजर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर ने नियुक्त पुलिस बल को ब्रीफ किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चुनाव प्रक्रिया के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए। किसी भी स्थिति में अनुशासन एवं शांति व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

महाविद्यालय परिसरों, प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस टीमों द्वारा निरंतर गश्त एवं निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जा सके। नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों, छात्र-छात्राओं एवं अन्य व्यक्तियों की आवाजाही पर भी पुलिस द्वारा सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल एवं रिजर्व फोर्स की भी तैनाती की जाएगी।

छात्र संघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे सौहार्दपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। चुनाव की आड़ में किसी भी प्रकार का हुड़दंग, अराजकता, मारपीट, अभद्र व्यवहार, जबरन भीड़ एकत्र करना, धमकी देना, शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करना अथवा अन्य किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न करने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *