कोटद्वार, 4 सितंबर 2026 कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के सिम्भलचौड़ में शुक्रवार को UIDAI द्वारा संचालित आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण द्वारा किया गया। केंद्र के शुरू होने से कोटद्वार एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को आधार से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण सेवाएँ अब अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेंगी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने कहा कि आधार सेवा केंद्र के शुरू होने से नागरिकों को आधार नामांकन, जनसांख्यिकीय एवं बायोमेट्रिक अपडेट सहित आवश्यक आधार सेवाओं के लिए देहरादून जाने की आवश्यकता नहीं होगी। यह केंद्र क्षेत्रवासियों को सुविधाजनक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण आधार सेवाएँ उनके नजदीक उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन, निर्धारित अवकाश को छोड़कर, नागरिकों को आधार सेवाएँ प्रदान करेगा। केंद्र में वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए सुगम एवं विशेष सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि प्रत्येक नागरिक आसानी से आधार संबंधी सेवाओं का लाभ उठा सके।
आधार सेवा केंद्र के शुभारंभ के अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने स्वयं अपने आधार कार्ड का बायोमेट्रिक अपडेट करवाया। इस दौरान उन्होंने अपनी फोटो, फिंगरप्रिंट एवं आंखों की आइरिस स्कैनिंग की प्रक्रिया भी पूरी करवाई। उन्होंने कहा कि आधार से संबंधित आवश्यक अपडेट समय पर करवाना प्रत्येक नागरिक के लिए महत्वपूर्ण है।
विधानसभा अध्यक्ष ने विशेष रूप से बच्चों के Mandatory Biometric Update (MBU) को महत्वपूर्ण बताते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट समय पर अवश्य करवाएँ। उन्होंने कहा कि समय पर आधार अपडेट होने से भविष्य में स्कूल, छात्रवृत्ति एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजी कार्यों में आधार संबंधी परेशानियों से बचा जा सकता है।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में 5 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए Mandatory Biometric Update (MBU) निःशुल्क है। उन्होंने अभिभावकों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कोटद्वार में आधार सेवा केंद्र का संचालन क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को पूरा करेगा। अब आधार से जुड़ी आवश्यक सेवाओं के लिए नागरिकों को देहरादून जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उन्हें अपने ही शहर में आधार सेवाएँ उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर UIDAI के उप महानिदेशक (DDG) अविनाश अग्रवाल, UIDAI क्षेत्रीय कार्यालय, दिल्ली के निदेशक कुमार उज्ज्वल, UIDAI के प्रोजेक्ट मैनेजर मनु त्रिपाठी, UIDAI के असिस्टेंट मैनेजर नितीश सैनी, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली भाबर मंडल अध्यक्ष आशीष रावत, मंडल मंत्री विवेक भारती, सोशल मीडिया संयोजक सुखरौ मोहिनी काला, एससी मोर्चा से माहेश्वरी एवं किसान मोर्चा मंत्री बहादुर सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अब आधार की आवश्यक सेवाएँ आपके अपने कोटद्वार में—सुविधाजनक, सुलभ और आपके नजदीक।