जनता मिलन में 50 शिकायतों की सुनवाई, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

पौड़ी 24 अगस्त 2026:जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के नेतृत्व में जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में 50 शिकायतों की सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्या का समाधान केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि जनता के विश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी है।

जिलाधिकारी ने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों के साथ पूर्व में प्राप्त प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो और कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ता को भी इसकी जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली का वास्तविक मूल्यांकन इस बात से होता है कि जरूरतमंद व्यक्ति तक राहत कितनी जल्दी और प्रभावी ढंग से पहुंचती है। आपदा से प्रभावित परिसंपत्तियों के सुधारीकरण कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को जनपद क्षेत्र में एनएच पर निर्मित सभी कलवर्टों की सफाई की तिथिवार जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई के कनिष्ठ अभियंताओं को क्षेत्र में उपास्थित रहने तथा वहां किए जा रहे कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन में ग्राम प्रधान धनाऊ कमल रावत ने कंडोलिया क्षेत्र में आवारा पशुओं के कारण यातायात बाधित होने की समस्या रखी। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को तत्काल कार्रवाई करते हुए आवारा पशुओं को निर्धारित स्थलों पर भेजने के निर्देश दिए।

ग्राम ढुंगी निवासी यमुना देवी की मार्च 2026 से लंबित विधवा पेंशन की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को शिकायतकर्ता से समन्वय कर तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बकरोडा निवासी हेमंत चौहान की सफदरखाल क्षेत्र के लिए देवप्रयाग में श्मशान घाट हेतु भूमि तलाशने की मांग पर एसडीएम पौड़ी को शीघ्र भूमि चिन्हित करने तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सफदरखाल में एंबुलेंस उपलब्ध कराने के लिए सीएमओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत पाटली के प्रधान द्वारा मंगोलीगांव झूलापुल की मरम्मत की मांग पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। संबंधित जेई को मौके पर भेजकर स्थलीय निरीक्षण कराने तथा आवश्यकतानुसार मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया।

पूर्व के जनता मिलन में ग्राम खोन, विकासखंड कोट निवासी सतेश्वरी देवी ने गांव की मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला पूनम गुसाईं के उपचार की समस्या रखी थी। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग को समन्वय कर महिला को राजकीय मानसिक सेवा संस्थान, सेलाकुई, देहरादून भेजने के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में महिला को उपचार के लिए सेलाकुई पहुंचा दिया गया है।

इसी प्रकार, महिला मंगल दल थली की दूषित पेयजल संबंधी शिकायत पर जल संस्थान ने भी तत्काल कार्रवाई की। जलस्रोत के क्लोरीनेशन के लिए ग्राम पंचायत को हाइपोक्लोराइड उपलब्ध कराया गया तथा पानी के नमूने जांच के लिए जल परीक्षण प्रयोगशाला श्रीनगर भेजे गए। वर्तमान में ग्राम थली में पृथक पाइपलाइन से पेयजल आपूर्ति सुचारू एवं नियमित रूप से की जा रही है। वहीं कृषि भवन, श्रीनगर रोड पौड़ी निवासी बसंती देवी की गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने की शिकायत का भी तत्काल संज्ञान लेते हुए उन्हें गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया गया।

जनता मिलन में शिकायत सुनने से लेकर समाधान तक की यह त्वरित कार्यप्रणाली प्रशासन के प्रति जनता के विश्वास को और मजबूत कर रही है। शिकायतकर्ता को यह भरोसा मिल रहा है कि उसकी समस्या केवल दर्ज नहीं की जा रही, बल्कि उसके समाधान के लिए संबंधित विभागों को तत्काल जिम्मेदारी भी सौंपी जा रही है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को इसी भावना के साथ कार्य करते हुए संवेदनशील, जवाबदेह और जनकेंद्रित प्रशासन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, एडीएम एफआर चौहान, सीएमओ मेघना असवाल, डीएसटीओ राम सलोने, सीओ तपेश कुमार चंद, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अंशुल बिष्ट, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक कुमार सेमवाल, रीना नेगी, विद्युत अभिनव रावत, जल संस्थान टीएस रावत, जल निगम नवनीत कटारिया, पीएमजीएसवाई परशुराम चमोली, ग्रामीण निर्माण विभाग विशाल चौहान, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार, जिला आबकारी अधिकारी तपन कुमार पांडेय, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन सिंह भंडारी, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, ईडीएम सचिन भट्ट सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *